
चतुर्भुजा शिवसागर पाण्डेय
हिन्द सागर महाराष्ट्र। मुंबई सहित देश के पश्चिमी राज्य महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार को हुई मूसलधार बारिश के कारण दीवारें गिरने, पेड़ उखड़ने और जलजमाव के कई मामले सामने आ रहे हैं। राज्य में शनिवार को लगातार दूसरे दिन मूसलधार बारिश हो रही है। हालांकि राहत की बात यह है कि कहीं से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। उत्तर भारत में आज मौसम गर्मी और उमस भरा रहा। पंजाब और हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया है। उत्तरप्रदेश में भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई है।

भारत के मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि मुंबई और उसके उपनगरीय इलाके ठाणे जिले में शनिवार सुबह से अभी तक 100 मिलीमीटर सेभी ज्यादा बारिश हुई है। उसके अनुसार महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में भी अच्छी बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, कोलाबा मौसम ब्यूरो ने शनिवार को सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच 66 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की, जबकि सांताक्रूज मौसम केंद्र ने इसी अवधि के दौरान 111.4 मिमी वर्षा दर्ज की। ठाणे-बेलापुर उद्योग संघ क्षेत्र में इस अवधि के दौरान 116 मिमी वर्षा की सूचना है। विभाग ने कहा कि मुंबई के उपनगरों और ठाणे में चार जुलाई को सुबह 8.30 बजे से अब तक 100 मिमी से अधिक वर्षा हुई। शहर में लगभग 50 मिमी से अधिक वर्षा हुई है। मुंबई मौसम विज्ञान विभाग के उप महानिदेशक के एस होसलीकर ने ट्वीट किया कि मुंबई सहित उत्तरी कोंकण में 24 घंटे तक भारी वर्षा का पूर्वानुमान किया गया है।
बृहन्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने बताया कि शहर के निचले इलाकों जैसे सिओन, दादर और मिलन सबवे में जलजमाव की सूचना है। एक अधिकारी ने कहा कि अभी तक कहीं से बहुत ज्यादा जलजमाव की शिकायत नहीं मिला है।
उन्होंने बताया कि पेड़ों की शाखाएं टूटने की 19 शिकायतें आई हैं, लेकिन इन घटनाओं में कोई घायल नहीं हुआ है। स्थानीय निकाय पदाधिकारियों ने कहा कि ठाणे में दीवार गिरने की दो घटनाएं हुई हैं, लेकिन उनमे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।