-
अहिंसा, समता, सत्य और अपरिग्रह पर आधारित “संवाद से समाधान – एक परिचर्चा” का भव्यतम आयोजन ।
प्रमोद कुमार
मुंबई : मुंबई की पुण्यभूमि पर तीर्थंकर भगवान महावीर के सिद्धांतों – अहिंसा, समता, सत्य और अपरिग्रह पर आधारित “संवाद से समाधान – एक परिचर्चा” का भव्यतम आयोजन महावीरायतन फाउंडेशन के तत्वावधान में यशवंतराव चव्हाण सभागृह में सम्पन्न हुआ। आयोजन का उद्देश्य था –धर्म, शासन और समाज के बीच सार्थक संवाद के माध्यम से सामाजिक समाधान की दिशा तय करना। इस ऐतिहासिक आयोजन के प्रेरणास्रोत एवं परिकल्पनाकार देवेंद्र ब्रह्मचारी रहे, जिनके मार्गदर्शन में अंतरधार्मिक संवाद की यह श्रृंखला नव ऊर्जा, नव विश्वास और समाधान की संस्कृति का परिचायक बनी। आयोजन के मुख्य अतिथि भारतीय गणराज्य के लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला रहे, जिनके साथ महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, राज्यसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवरा, तथा महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति राम शिंदे की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में समाज सेवा, शिक्षा, पर्यावरण और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में विशेष कार्य करने वाले महानुभावों को “समाज सेवा रत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया। पद्मश्री डॉ. सोमा घोष की शास्त्रीय संगीतमय प्रस्तुति ने उपस्थित हज़ारों श्रोताओं को भक्ति और भाव से आप्लावित कर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में लघु नाटिकाएं, भक्ति गीत और संवाद सत्र शामिल रहे, जो जनमानस के अंतर्मन को छूते रहे।