हिन्द सागर, मीरा-भाईंदर: भाईंदर प. स्थित केशव सृष्टि के चालीस वर्ष पूरे होने पर सांस्कृतिक सद्भावना समारोह का आयोजन किया गया। इस दिन केशव सृष्टि में दो कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। एक तरफ जहां चालीसवे वर्षगांठ का उत्साह रहा वहीं पुरुस्कार वितरण का भी कार्यक्रम आयोजित किया गया।
केशव सृष्टि द्वारा पुरुस्कार वितरण कार्यक्रम पिछले १३ वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। यह पुरुस्कार समाज में वैश्विक दृष्टिकोण रखते हुए किए गए सामाजिक कार्यों को करने वाले व्यक्ति तथा उसकी संस्था को दिया जाता है। इस तरह के पुरुस्कार कार्यक्रम का आयोजन ११ लोगो के समिति की अध्यक्ष रश्मि ताई भाटकर की मार्गदर्शन में किया जाता है।
इस वर्ष का पुरस्कार एकवीरा मल्टीपर्पज फाउंडेशन की अध्यक्ष सुचिता बनसोड को समाज में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए दिया गया, सुचिता ने अपने कर्ण बधिर बच्चे को मुंबई लाकर समाज में जीवन जीने योग्य बनाया तथा उस पद्धति को खुद सीखकर अपने गांव मे विद्यालय खोलकर एक हजार कर्ण बधिर बच्चों को समाज में जीवन जीने योग्य बनाया। सुचिता द्वारा किए गए समाज में उत्कृष्ट कार्य के लिए संस्था समिति ने इस बार इनके नाम का चयन किया है।
ज्ञात हो कि केशव सृष्टि का निर्माण प्राकृति की गोद में आरएसएस (संघ) द्वारा चालीस साल पहले कराया गया था। १९८२ में कार्य प्रारंभ कर १५ साल निरंतर संघर्ष के बाद केशव सृष्टि का निर्माण किया गया। केशव सृष्टि के माध्यम से प्राकृतिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक तथा दैविक मूल्यों के जरिए मानव निर्माण का सृजन करने का कार्य किया जाता है।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि संघ द्वारा सेवा के मुल्यो को सदैव सर्वोपरी माना गया है। संघ का सदैव यही प्रयास रहा है कि सेवा भाव के जरिए व्यक्ति निर्माण से समाज परिवर्तन को साकार किया जाय। उन्होंने कहा की हम लोगों द्वारा आर्थिक और सामाजिक असमानता दूर करने का प्रयास आज भी निरंतर किया जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में केशव सृष्टि के सभी कार्यकर्ताओं ने सफलतम प्रयास किया।
इस अवसर पर केशव सृष्टि के कार्यवाहक एस.एस. गुप्ता, मुंबई महानगर संघचालक सुरेश भगेरिया, सहित सैकड़ों की संख्या में आरएसएस के कार्यकर्ता उपस्थित थे।