हिन्द सागर, संवाददाता: तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। 16 साल की एक लड़की ने स्कूल के शौचालय में बच्ची को जन्म दिया। उसने पैन की मदद से गर्भनाल काट दिया।
बच्ची को जन्म देने के बाद लड़की अपनी क्लास में आकर बैठ गई। यहां के एक सरकारी स्कूल के शौचालय के पास नवजात का शव मिला था। भुवनागरी पुलिस को स्कूल प्रशासन ने सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। काफी छानबीन के बाद पुलिस यह पता लगाने में कामयाब रही कि बच्ची को 11वीं कक्षा में पढऩे वाली एक लड़की ने जन्म दिया था।
पुलिस ने जब लड़की से पूछताछ की तो उसने यह कबूल कर लिया कि उसने ही बच्ची को जन्म दिया था। उसने कहा कि क्लास के दौरान उसे प्रसव पीड़ा हुई थी। इसके बाद वह शौचालय गई और बच्ची को जन्म दिया। लड़की ने पुलिस को बताया कि उसने पैन से खुद ही गर्भनाल काट दिया था।
लड़की ने पुलिस को बताया कि नवजात मृत पैदा हुआ था। वहीं, पुलिस को आशंका है कि नवजात की मौत बिना किसी मदद के प्रसव के चलते हुई होगी। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश में जुटी है, जिसने नाबालिग लड़की को गर्भवती किया। पुलिस ने लड़की के रिश्तेदारों और गांव के लोगों से पूछताछ की है।