पटना, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोकप्रिय रहे समाजवादी नेता डॉक्टर रघुवंश प्रसाद सिंह का पार्थिव शरीर सोमवार की शाम बिहार के वैशाली जिले के महनार के हसनपुर घाट पर पंचतत्व में विलीन हो गया। उनके छोटे बेटे शशि शेखर ने मुखाग्नि दी। हसनपुर घाट पर राजकीय सम्मान के साथ पूर्व मंत्री की अंत्येष्टि संपन्न हुई। इस मौके पर मुखाग्नि के पूर्व पुलिस के जवानों और अधिकारियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अंत्येष्टि में बिहार सरकार के सूचना मंत्री नीरज कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के नेता एवं कार्यकर्ताओं के अलावा समाजसेवी और स्थानीय लोग शामिल हुए।
हसनपुर घाट पर दोपहर बाद से ही अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए भारी भीड़ उमड़ने लगी थी। यहां आने वाले लोगों ने अपने जनप्रिय नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्प चढ़ाकर नमन किया। अंत्येष्टि समारोह में जिला प्रशासन के आला अधिकारी और पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। अंत्येष्टि में होने वाले भीड़भाड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रबंध किया गया था। देर शाम तक मनार वासी हसनपुर घाट पर डटे रहे।
रघुवंश बाबू के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जन सैलाब
पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं समाजवाद के पुरोधा डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह का पार्थिव शरीर सोमवार को महुआ आते ही उनके अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। उनका पार्थिव शरीर जैसे ही यहां आया कि लोगों ने गगनभेदी नारे लगाए। जब तक सूरज चांद रहेगा रघुवंश सिंह का नाम रहेगा। जहां-जहां से रघुवंश बाबू की शव यात्रा गुजरी, वहां उनके अंतिम दर्शन के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा।