अवैध बार-रेस्टोरेंट पर कार्रवाई न होने से नागरिकों में आक्रोश

अचोले पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पर लग रहा बार माफिया को संरक्षण देने का आरोप

6 अक्टूबर से आज़ाद मैदान में होगा अनिश्चितकालीन अनशन

हिन्द सागर संवाददाता, विरार: अवैध बनारसी जंक्शन बार एंड रेस्टोरेंट के मालिक पर FIR दर्ज करने की मांग उठ रही है, क्योंकि यह बार अवैध तरीके से बनाई गई है, जिसके कारण कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा एफआईआर दर्ज करने का आदेश भी दिया गया है।

बता दें कि वसई-विरार महानगरपालिका ने 14 जुलाई 2025 को आचोले पुलिस को FIR दर्ज करने का पत्र भेजा था। इसके अलावा 21 अगस्त 2025 को सह-पुलिस आयुक्त दत्तात्रेय शिंदे ने तत्काल FIR दर्ज करने का निर्देश दिया था। इस सबके बावजूद अब तक आचोले पुलिस की ओर से बार पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस विभाग द्वारा बार माफिया को इस कदर सपोर्ट करने से जनता में आक्रोश है जिसके कारण कुछ समाजसेवियों ने 6 अक्टूबर से मुंबई के आज़ाद मैदान में अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण अनशन शुरू करने का निर्णय लिया है। इस अनशन की जानकारी मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, VVCMC आयुक्त, पुलिस आयुक्त मुंबई सहित वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है।
पालघर, वसई-विरार महानगरपालिका (VVCMC) द्वारा बनारसी जंक्शन रेस्टोरेंट एण्ड बार के अवैध निर्माण की पुष्टि की है। इसके बावजूद आचोले पुलिस की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस मामले के आवेदक रमेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि उन्होंने 28 अप्रैल और 6 अगस्त 2025 को पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 21 अगस्त को सह-पुलिस आयुक्त दत्तात्रेय शिंदे ने भी आचोले पुलिस को FIR दर्ज करने का निर्देश दिया था, लेकिन कार्रवाई अभी लंबित है। पुलिस के इस प्रकार के रवैया से अचोले पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पर सवालिया निशान उठ रहा है‌, कुछ लोगों द्वारा अचोले पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पर भी कार्रवाई करने की मांग की जा रही है।

गौरतलब है कि यह अवैध बार एंड रेस्टोरेंट वाल्मीकि हाइट्स, सेक्टर-6, विंग ‘एफ’, नालासोपारा (पूर्व) में संचालित किया जा रहा है। मनपा आयुक्त ने 1 जुलाई 2025 को सभी अवैध निर्माणों पर तोड़क एवं कानूनी कार्रवाई का आदेश दिया था, लेकिन इस आदेश के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे क्षुब्ध होकर पाण्डेय ने चेतावनी दी है कि यदि 6 अक्टूबर 2025 तक FIR दर्ज नहीं की गई, तो वे मुंबई के आज़ाद मैदान में अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण अनशन धरने पर बैठेंगे।स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से मांग की है कि अविलंब FIR दर्ज की जाए और विकासक पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।