अमर सिंह के निधन पर लोकसभा अध्यक्ष समेत राजनाथ ने जताया दुख

अमर सिंह

एक बार जब अमर सिंह गंभीर रुप से बीमार होकर अस्पताल में भर्ती हुए थे तो उनकी मौत की अफवाह उड़ गई थी। पता चलने पर उन्होंने वीडियो संदेश जारी किया और बोले टाइगर अभी जिंदा है।

नई दिल्ली, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के पूर्व महासचिव रहे और राज्यसभा सांसद सांसद अमर सिंह का शनिवार को सिंगापुर के एक अस्पताल में निधन हो गया, वो शुक्रवार को इस अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हुए थे। इससे पहले भी वो इसी अस्पताल में अपना इलाज करवा रहे थे। साल 2018 के बाद से ही उनकी तबियत खराब हो रही थी। उनकी किडनी ट्रांसप्लांट हुई थी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया कि वरिष्ठ नेता और सांसद अमर सिंह के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, प्रियंका गांधी वाड्रा आदि ने भी दुख व्यक्त किया।

अमर सिंह जब सिंगापुर में इलाज के लिए भर्ती हुए थे, उस समय उनकी पत्नी और दोनों बेटियां भी मौजूद रहीं। ये पहला मौका नहीं है जब अमर सिंह गंभीर रूप से बीमार होकर अस्पताल में भर्ती हुए थे। इससे पहले भी वो एक बार गंभीर रूप से बीमार हुए थे और आइसीयू में भर्ती करवाए गए थे, उस समय तो उनकी मौत की खबरें भी उड़ गई थीं। जब उनको पता चला कि उनके मौत की खबर फैल गई तो उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी किया और कहा था कि टाइगर अभी जिंदा है।

मार्च महीने में अमर सिंह ने किडनी से जुड़ी बीमारी की वजह से सिंगापुर के अस्पताल में सर्जरी करवाई थी। जानकारी के मुताबिक, साल 2013 में ही अमर सिंह की किडनी खराब हो गई थी। कई बार वह बीमारी के चलते राजनीति से ब्रेक भी लेने लगे थे और पिछले कुछ सालों में सक्रियता ना के बराबर हो गई थी। अस्पताल से ही उन्होंने कई वीडियो संदेश भी जारी किए थे।

बीजेपी के ‘दुश्मनी’ से लेकर मोदी के मुरीद तक
कभी बीजेपी के कट्टर विरोधी रहे अमर सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुरीद थे। उन्होंने मोदी सरकार के नोटबंदी से लेकर तमाम फैसलों का समर्थन किया। यहां तक कि पिछले आम चुनाव के दौरान जब राफेल डील को लेकर राहुल गांधी पीएम मोदी पर तीखे हमले कर रहे थे तब उन्होंने प्रधानमंत्री का खुलकर बचाव किया। राहुल गांधी के ‘चौकीदार चोर है’ नारे के जवाब में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल में चौकीदार शब्द जोड़ा तो अमर सिंह ने भी अपने ट्विटर हैंडल का नाम चौकीदार अमर सिंह कर दिया था।