बिहार चुनाव 2020: चिराग पासवान का नीतीश पर बड़ा हमला, फिर लालू की शरण में न चले जाएं

लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला जारी है। गुरुवार को चिराग ने नीतीश पर जबरदस्त हमला किया। चिराग ने कहा कि नीतीश कहीं फिर से लालू की शरण में न चले जाएं। 

बिहार चुनाव की घोषणा के साथ ही चिराग पासवान ने नीतीश को मुख्यमंत्री मानने से इनकार करते हुए अलग चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी थी। एनडीए एक ओर नीतीश कुमार को फिर से मुख्यमंत्री बनाने की कोशिशों में जुटी है। वहीं एनडीए का हिस्सा होने के बाद भी लोजपा लगातार नीतीश को निशाने पर लिये हुए है। लोजपा ने अपने ज्यादातर प्रत्याशी उन्हीं सीटों पर उतारे हैं जहां से नीतीश की पार्टी जदयू मैदान में है।

चिराग ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि पिछली बार लालू प्रसाद के आशीर्वाद से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने थे। बाद में उन्हें धोखा दे कर भाजपा के शरण में चले गए। इस बार कहीं प्रधानमंत्री का आशीर्वाद लेने के बाद फिर से लालू की शरण में न चले जाएं। 

पिछली बार आदरणीय @laluprasadrjd जी के आशीर्वाद से आदरणीय @NitishKumar जी मुख्यमंत्री बने और फिर उनको धोखा देकर प्रधानमंत्री जी के आशीर्वाद से रातों रात मुख्यमंत्री बन गए।इस बार कहीं आदरणीय @narendramodi जी का आशीर्वाद लेकर फिर आदरणीय @laluprasadrjd जी के शरण में ना चले जाएँ साहब।