एक शाम गौमाता के नाम विशाल भक्ति संध्या का हुआ आयोजन
शिव गो सेवा भजन मंडल चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से किया आयोजन
हिन्द सागर, बेंगलूरू : शिव गो सेवा भजन मंडल चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से रविवार शाम को पैलेस ग्राउड में राजस्थान पोकरण विधानसभा क्षेत्र के विधायक महंत प्रताप पुरी महाराज, नारायण नाथ महाराज, भोपाल के पूर्व सासंद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, विश्व प्रसिद्ध अग्नी नृत्य कलाकार पुरण नाथ, लक्ष्मणराम नाथ योगी के सानिध्य में एक शाम गौ माता के नाम विशाल भक्ति संध्या का आयोजन हुआ। भवन में गोमाता का दरबार सजाया गया। राजस्थान से आए भजन गायक रमेश माली द्वारा गणेश स्तुति से भजनों का शुभारंभ हुआ। ओम मुडेल ने मायड़ भाषा में मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। लोक भजनों पर भावविभोर होकर भक्त देर रात तक झूमते रहे। मुडेल ने भजनों व कथाओं के माध्यम से गोमाता की महत्ता बताई। महंत प्रताप पुरी महाराज ने सभा को संबोधित करते हुए सभी को नशे से दुर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गो बचेगी तो देश की संस्कृति बचेगी। मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी व गोभक्त महेंद्र मुणोत ने कहा कि गाय की सेवा कर हम अपना जीवन धन्य कर सकते है। घर में गाय पालने से सभी प्रकार के वास्तु दोष व नकारात्मक उर्जा नष्ट हो जाती है। मुणोत ने गोसेवार्थ के लिए आर्थिक सहयोग देते हुए भक्तो को गोसेवा के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर गोभक्त प्रकाश चौहान, प्रसादी के लाभार्थी दिनेश पटेल, व अतिथियों एवं दानदाताओं का ट्रस्ट की ओर से सम्मान किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के नये अध्यक्ष का चयन किया गया। जिसमें सर्वसहमति से बाबुलाल माली को नये अध्यक्ष के रूप में चुना गया। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष हनुमान माली, मोतीलाल माली ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का शिव गो सेवा भजन मंडल चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से सम्मान किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में राजस्थानी प्रवासी 36 कौम के लोग उपस्थित रहे।